मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) के पहले ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026’ में हिस्सा लेने सिंगापुर पहुंचा है. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद छत्तीसगढ़ इस फोरम में भाग ले रहा है.
दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री साय SBF की ओर से आयोजित Leadership Dinner में शामिल हुए. कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून मौजूद रहे.
डिनर में SBF के सदस्यों के साथ Mastercard, Tata Consultancy Services, Nestlé और The Indian Hotels Company Limited के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया. छत्तीसगढ़ के सात सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी पर चर्चा हुई.
छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाएं सामने रखीं
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया. उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, Ease of Doing Business के लिए किए गए सुधारों और MSME, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी. साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने और राज्य में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया.
इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने Gardens by the Bay के अधिकारियों के साथ बैठक की. वहां मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों के बारे में जानकारी ली गई. उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ.
साय ने कहा कि Gardens by the Bay की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में Botanical Garden के विकास, बेहतर लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है. उनके अनुसार, इससे पर्यटन और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है.
मुख्यमंत्री 5 अक्टूबर को SING Forum 2026 में भाग लेंगे. इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO Roundtable में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी पर चर्चा प्रस्तावित है.
