नई दिल्ली में 12वां BRICS संसदीय मंच 26 अक्टूबर से शुरू हो गया है. दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन संसद के संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में भारत की अध्यक्षता में किया जा रहा है. इसका समापन 27 अक्टूबर को होगा.

मंच का मुख्य विषय ‘जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को मजबूत बनाना’ है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उद्घाटन सत्र में संसदीय सहयोग, वैश्विक शांति, सतत विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी BRICS देशों के सांसदों और संसदीय प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत की.

कार्यक्रम में संस्थागत मजबूती, मानव-केंद्रित AI और डिजिटल तकनीक, अधिक प्रतिनिधित्व वाली वैश्विक शासन व्यवस्था तथा समावेशी और टिकाऊ भविष्य पर उच्चस्तरीय सत्र रखे गए हैं. क्षेत्रीय संघर्ष, आर्थिक अस्थिरता, व्यापारिक तनाव, आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हो रहा है.

BRICS सदस्य और साझेदार देशों की अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी संसदीय समितियों के अध्यक्षों की विशेष बैठक में संसदीय कूटनीति, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान पर चर्चा होनी है. कार्यक्रम में द्विपक्षीय बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन और प्रतिनिधियों के लिए संसद परिसर का दौरा भी शामिल है.