अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए Air India की उड़ान AI-171 हादसे की जांच को लेकर पारदर्शिता का सवाल फिर उठ गया है. अमेरिकी संगठन Foundation for Aviation Safety (FAS) ने Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) को पत्र लिखकर जांच से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा और निष्कर्षों को सार्वजनिक करने की मांग की है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, FAS ने आरोप लगाया है कि जांच एजेंसी ने उपलब्ध विमान और सिस्टम संबंधी जानकारी को पर्याप्त रूप से सार्वजनिक नहीं किया. संगठन ने विशेष रूप से ACARS और AHM डेटा का हवाला देते हुए कहा कि इनमें हादसे से पहले की घटनाओं और विमान प्रणालियों के बारे में अहम संकेत हो सकते हैं.

यह हादसा अहमदाबाद से लंदन जा रही AI-171 उड़ान के उड़ान भरने के तुरंत बाद हुआ था. हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी.

AAIB ने इन आरोपों के जवाब में कहा है कि जांच Aircraft (Investigation of Accidents and Incidents) Rules, 2025 और ICAO Annex 13 के अनुरूप की जा रही है. ब्यूरो के अनुसार, सभी प्रासंगिक तथ्यों और सबूतों की निष्पक्ष जांच की जा रही है. अंतिम रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है और जांच के निष्कर्षों पर अंतिम राय रिपोर्ट आने के बाद ही बनाई जा सकेगी.