Air India की Phuket-दिल्ली उड़ान AI-2379 में 4 अगस्त 2026 को 36,000 फीट की ऊंचाई पर कुछ ही सेकंड के भीतर विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में दबाव खत्म हो गया. Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के दौरान ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हुआ, स्टॉल चेतावनी सक्रिय हुई और विमान अपनी निर्धारित ऊंचाई से ऊपर-नीचे गया. हादसे जैसे इस घटनाक्रम में 20 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हुए.

Airbus A320neo विमान Phuket से नई दिल्ली जा रहा था और उसमें 145 लोग सवार थे. रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजकर 32 मिनट पर विमान के फ्लाइट-कंट्रोल सिस्टम ने पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम में दबाव कम होने का संकेत दिया. इसके करीब चार सेकंड बाद ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम में भी दबाव खत्म होने का संकेत मिला.

ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट और ऊंचाई में बदलाव

AAIB के अनुसार, तीनों सिस्टम में गड़बड़ी के तुरंत बाद ऑटोपायलट अलग हो गया और लगातार चेतावनी ध्वनि सुनाई दी. इसके कुछ सेकंड बाद करीब दो सेकंड तक स्टॉल चेतावनी भी सक्रिय रही. विमान पहले अपनी निर्धारित ऊंचाई से लगभग 372 फीट ऊपर गया और बाद में करीब 292 फीट नीचे आया.

घटना के समय विमान 36,000 फीट पर उड़ रहा था और सीटबेल्ट संकेत बंद थे. अचानक हुए ऊंचाई बदलाव के दौरान कुछ यात्री और क्रू सदस्य केबिन में असंतुलित होकर घायल हुए. रिपोर्ट के मुताबिक, हाइड्रोलिक सिस्टम बाद में फिर से काम करने लगे और फ्लाइट-कंट्रोल सतहों का संचालन सामान्य हो गया.

विमान को दिल्ली ले जाने का फैसला

केबिन सुपरवाइजर ने कॉकपिट चालक दल को यात्रियों और क्रू सदस्यों के घायल होने की जानकारी दी. स्थिति का आकलन करने के बाद पायलटों ने विमान को नजदीकी हवाईअड्डे की ओर मोड़ने के बजाय उसके निर्धारित गंतव्य दिल्ली तक ले जाने का फैसला किया. विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतरा.

घटना के शुरुआती घंटों में इसे turbulence से जुड़ी समस्या बताया गया था. बाद में Air India ने अपने बयान में बदलाव करते हुए इसे क्रूज के दौरान अचानक ऊंचाई कम होने की घटना कहा. AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट अब हाइड्रोलिक सिस्टम में आई गड़बड़ी को प्रमुख तकनीकी तथ्य के रूप में दर्ज करती है, लेकिन जांच अभी पूरी नहीं हुई है.

पायलट की जांच रिपोर्ट भी जांच के दायरे में

प्रारंभिक रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विमान उतरने के बाद दोनों पायलटों की मेडिकल जांच हुई. पायलट-इन-कमांड के नमूने में psychoactive substance के लिए confirmatory test में परिणाम ‘non-negative’ आया, जबकि सह-पायलट की जांच नकारात्मक रही. यह रिपोर्ट जांच का हिस्सा है और इसे घटना का अंतिम कारण नहीं माना गया है.

AAIB ने कहा है कि वह तकनीकी, परिचालन, चिकित्सकीय और human-factor से जुड़े सभी सबूतों की जांच कर रहा है. अंतिम निष्कर्ष आने तक हाइड्रोलिक सिस्टम की खराबी, पायलटों की प्रतिक्रिया और घटना के दौरान विमान के संचालन से जुड़े पहलुओं पर जांच जारी रहेगी.