Air India ने ज्यूरिख से दिल्ली जाने वाली उड़ान AI151 के लिए तैनात एक पायलट को अल्कोहल जांच में असफल पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया है. यह घटना 6 सितंबर 2026 को उड़ान रवाना होने से पहले ज्यूरिख एयरपोर्ट पर हुई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ को पायलट के मुंह से शराब की गंध आने का संदेह हुआ, जिसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने प्रारंभिक ब्रीथ एनालाइजर जांच की. जांच के बाद पायलट को विमान उड़ाने से रोक दिया गया और ड्यूटी से हटा दिया गया.
पायलट को बाद में यात्री के रूप में भारत वापस भेजा गया. वह फिलहाल निलंबित है और अंतिम मेडिकल जांच रिपोर्ट तथा आंतरिक जांच पूरी होने तक उसके खिलाफ अंतिम अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है.
स्विट्जरलैंड के Federal Office of Civil Aviation ने बताया कि संबंधित ऑपरेटर और भारत के Directorate General of Civil Aviation (DGCA) को घटना की जानकारी दी गई थी. उसके अनुसार, लागू राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत आवश्यक कदम उठाए गए. रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के कारण AI151 निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो सकी.
यह मामला Air India के एक अन्य पायलट पर हालिया ड्रग टेस्ट कार्रवाई के बाद सामने आया है. हालांकि, ज्यूरिख की घटना अल्कोहल जांच से जुड़ी है, ड्रग टेस्ट से नहीं.
