दिल्ली पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के कथित सदस्य पवन कुमार उर्फ मक्खी को प्रॉपर्टी डीलर के अपहरण और धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है. आउटर नॉर्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने उसे 21 नवंबर को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पुलिस के अनुसार, अकबरपुर माजरा गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर राकेश कुमार ने 29 अक्टूबर को अलीपुर थाने में शिकायत दी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू ने उन्हें घर के बाहर बुलाकर काली Scorpio-N में बैठा लिया. पुलिस का कहना है कि मक्खी उस वाहन में पहले से मौजूद था.

शिकायत के मुताबिक, कारोबारी को पल्ला-झंगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित एक कार्यालय समेत अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया. आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने और अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बनाया गया. पुलिस के अनुसार, मक्खी ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उससे समझौता दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए.

इस मामले में नरेंद्र उर्फ भोलू को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर इस्तेमाल Scorpio-N बरामद की गई. मक्खी की अग्रिम जमानत याचिका 6 नवंबर को खारिज हो गई थी. पुलिस अब कथित पिस्टल, समझौता दस्तावेज और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.