नई दिल्ली में अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत-अफगानिस्तान टी20 मैच के कारण 13 सितंबर को स्टेडियम और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, प्रतिबंध और डायवर्जन दोपहर 2 बजे से रात 11:45 बजे तक लागू रह सकते हैं.
मैच शाम 7 बजे से रात 11:30 बजे तक निर्धारित है. इस दौरान बहादुर शाह जफर मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, मिंटो रोड, कमला मार्केट और जवाहरलाल नेहरू मार्ग के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है. इन मार्गों के कुछ हिस्सों पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी सीमित रहेगी.
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से यात्रा की योजना पहले बनाने, अतिरिक्त समय लेकर चलने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. मैच देखने आने वाले दर्शकों को निर्धारित पार्किंग और प्रवेश मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
मैच में करीब 25,000 से 35,000 दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है. पुलिस ने कहा है कि भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार अस्थायी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
