दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है. धमकी देने वाले ने सात करोड़ रुपये की मांग की.
यह मामला तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत के बाद सामने आया. विधायक के अनुसार, उन्हें एक फोन कॉल और WhatsApp संदेश मिला. संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और कहा कि रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या कर दी जाएगी.
मोहाली में साइबर क्राइम केस
जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दी थी. शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की रंगदारी और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराओं के साथ IT Act की धारा 66D लगाई है.
पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, IP लॉग और लोकेशन की जांच कर रही है. शिकायत के साथ WhatsApp संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी संगठित गैंग से जुड़ा है या नहीं.
