दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस एक सप्ताह के भीतर 500 पेज से अधिक की चार्जशीट दाखिल कर सकती है. पुलिस के मुताबिक, दस्तावेज में पीड़िता और उसके पुरुष मित्र समेत करीब 60 गवाहों के बयान दर्ज होंगे. इसके अलावा लगभग 50 दस्तावेज भी चार्जशीट का हिस्सा होंगे.
जांच एजेंसी के अनुसार, मामले में 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई है. प्रस्तावित चार्जशीट में CCTV फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट, आरोपियों के कपड़े और न्यायिक पहचान परेड से जुड़े साक्ष्य शामिल किए जाने की बात कही गई है.
पुलिस के अनुसार, घटना 22 सितंबर की है. लड़की अपने जन्मदिन पर 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे, जहां तीन आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया. पुलिस का आरोप है कि इसके बाद लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.
मामले में पुलिस ने आसिफ, हेमंत और महेश को गिरफ्तार किया है. तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा.
