आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के आठ वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में 60 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को सालाना 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है. उन्होंने इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक बताया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि योजना से इलाज के खर्च में बचत हुई है और गरीब तथा मध्यम वर्ग को लाभ मिला है. आयुष्मान भारत की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के उद्देश्य से की गई थी.
सरकार के अनुसार, 21 सितंबर 2026 तक करीब 48.51 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके थे. वहीं, 31 अगस्त 2026 तक योजना के तहत लगभग 13.25 करोड़ अस्पताल दाखिलों के लिए 2.03 लाख करोड़ रुपये की उपचार राशि स्वीकृत की गई. योजना से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों का नेटवर्क 38,000 से अधिक संस्थानों का है.
70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, आय की परवाह किए बिना, योजना में शामिल करने का विस्तार भी किया गया है.
