नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. समारोह में लोकगीत, छठ गीत, पारंपरिक संगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया.
बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. समारोह की थीम ‘अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन’ रखी गई थी.
लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत ने बिहार की ऐतिहासिक पहचान पर आधारित गीत के साथ छठ पर्व के पारंपरिक गीत और अन्य लोकगीत प्रस्तुत किए. रंजना झा और रिया सिंह ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. रिया सिंह ने ‘ऐ राजाजी’ गीत पेश किया.
नालंदा संगीत कला विकास संस्थान के कलाकारों ने बिहार की मिट्टी और लोकजीवन पर आधारित गीत पर लोकनृत्य प्रस्तुत किया. रंग सेतु के कलाकारों ने भी कार्यक्रम में प्रस्तुति दी.
बिहार की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की लोक संस्कृति के साथ उद्योग, हस्तशिल्प, उद्यमिता और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करना है.
