दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर एक्सटेंशन में शुक्रवार शाम तीसरी मंजिल से कथित तौर पर फेंके गए भरे हुए LPG सिलेंडर की चपेट में आने से 28 वर्षीय साहिल की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में 24 वर्षीय शिवम शर्मा उर्फ शिव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, घटना राधिका अपार्टमेंट के पास करीब शाम 7 बजे हुई. साहिल इमारत के बाहर खड़े थे, तभी सिलेंडर उनके सिर पर जा गिरा. स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए. बाद में उन्हें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
जांच में सामने आया है कि घटना से पहले इमारत की पार्किंग में विवाद हुआ था. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने उस दिन शराब पी रखी थी और कथित तौर पर तीसरी मंजिल पर जाकर सिलेंडर नीचे फेंका. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सिलेंडर किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाकर फेंका गया था या गुस्से में बिना तय निशाने के.
पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है. साहिल अपने परिवार के साथ उसी इमारत में रहते थे.
