नई दिल्ली में BRICS मुख्य न्यायाधीश फोरम शुक्रवार, 4 सितंबर को शुरू हो गया. सुप्रीम कोर्ट की मेजबानी में आयोजित यह सम्मेलन 6 सितंबर तक चलेगा. इसमें BRICS देशों और साझेदार देशों के मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ न्यायिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.
भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत फोरम के पहले दिन 10 देशों के न्यायिक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. इन देशों में रूस, चीन, मिस्र, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, बेलारूस, कजाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ईरान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं.
न्यायिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय विवादों पर फोकस
सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, फोरम का उद्देश्य न्याय व्यवस्था से जुड़े समकालीन मुद्दों पर संवाद और विभिन्न देशों की न्यायपालिकाओं के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान करना है. चर्चा में न्यायिक सहयोग, अंतरराष्ट्रीय विवादों के समाधान, तकनीक और सतत विकास जैसे विषय शामिल हैं.
कार्यक्रम के सत्रों में अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता, सीमा-पार पंचाट फैसलों को लागू करने की चुनौतियां, न्यायपालिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका तथा न्यायिक नेतृत्व और सतत विकास पर विचार-विमर्श किया जाएगा.
मध्यस्थता से जुड़े सत्र में वैश्विक अर्थव्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवादों के समाधान के रणनीतिक माध्यम के रूप में इसकी भूमिका पर चर्चा होगी. वहीं, सीमा-पार पंचाट फैसलों के अमल वाले सत्र में प्रक्रियात्मक समन्वय और लागू करने से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर विचार किया जाएगा.
चीन, रूस समेत 10 देशों के प्रतिनिधियों से बैठक
पहले दिन प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठकों में रूस के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इगोर क्रास्नोव, चीन की सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट के अध्यक्ष झांग जून, मिस्र की सुप्रीम संवैधानिक अदालत के मुख्य न्यायाधीश बोलोस गहमी इस्कंदर बोलोस और इंडोनेशिया के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सुनार्टो शामिल हैं.
इसके अलावा CJI सूर्यकांत संयुक्त अरब अमीरात के संघीय सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष मोहम्मद हमद अल बादी अल धाहेरी, बेलारूस के सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष आंद्रेई श्वेद, कजाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष असलामबेक मर्गालियेव, दक्षिण अफ्रीका की सुप्रीम कोर्ट ऑफ अपील की अध्यक्ष माहुबे बेट्टी मोलेमेला, ईरान के मुख्य न्यायाधीश अयातुल्लाह गुलाम हुसैन मोहसेनी-एजेई और उज्बेकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट की उपाध्यक्ष मलिकाखोन कलंदरौवा से भी मुलाकात करेंगे.
दूसरे दिन प्रतिनिधिमंडल प्रमुख रखेंगे अपना पक्ष
फोरम के दूसरे दिन BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडल प्रमुख न्यायिक संस्थानों से जुड़े साझा हित के मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे. कार्यक्रम में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और UAE सहित सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ बेलारूस, बोलिविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा और उज्बेकिस्तान जैसे साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है.
दिल्ली में हो रहा यह आयोजन भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान न्यायिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बहुपक्षीय पहल के रूप में देखा जा रहा है. इसका फोकस न्यायिक संवाद के साथ-साथ ऐसे कानूनी मुद्दों पर है, जिनका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार, तकनीक और सीमा-पार विवादों पर पड़ता है.
