नई दिल्ली में BRICS चीफ जस्टिस फोरम की शुरुआत हो गई है. भारत के सुप्रीम कोर्ट की मेजबानी में आयोजित यह तीन दिवसीय मंच 4 से 6 सितंबर 2026 तक चलेगा. इसमें BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालयों के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ न्यायिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.

भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत फोरम के उद्घाटन दिवस पर कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, उनकी बातचीत रूस, चीन, मिस्र, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, बेलारूस, कजाखस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ईरान और उज्बेकिस्तान के न्यायिक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ प्रस्तावित है.

न्यायिक सहयोग और साझा चुनौतियों पर फोकस

फोरम का उद्देश्य अलग-अलग देशों की न्यायपालिका के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत करना है. बैठक में न्याय वितरण, अंतरराष्ट्रीय विवाद समाधान, तकनीकी बदलाव और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा.

कार्यक्रम के अगले सत्रों में BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडल साझा न्यायिक चुनौतियों और संस्थागत अनुभवों पर अपनी राय रखेंगे. सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, मंच से उभरते कानूनी और संस्थागत मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की उम्मीद है.

चार प्रमुख विषयों पर चर्चा

फोरम के एजेंडे में अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवादों के समाधान के लिए mediation यानी मध्यस्थता, arbitral awards के सीमा-पार प्रवर्तन, न्यायपालिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और न्यायिक नेतृत्व के साथ सतत विकास शामिल हैं.

अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवादों पर सत्र में वैश्विक कारोबार के बदलते माहौल में मध्यस्थता की भूमिका पर चर्चा होगी. वहीं, arbitral awards के प्रवर्तन से जुड़े सत्र में अलग-अलग न्यायक्षेत्रों के बीच प्रक्रियागत तालमेल और व्यावहारिक चुनौतियों पर विचार किया जाएगा.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े सत्र में न्यायिक प्रशासन और डिजिटल नवाचार के भविष्य पर चर्चा होगी. सतत विकास वाले सत्र में ecological governance और sustainable energy systems को आगे बढ़ाने में न्यायपालिका की भूमिका पर विचार किया जाएगा.

दूसरे दिन वरिष्ठ न्यायिक नेताओं के संबोधन

कार्यक्रम के दूसरे दिन BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख फोरम को संबोधित करेंगे. इसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के साथ बेलारूस, बोलीविया, कजाखस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधि शामिल होंगे.

फोरम में होने वाली द्विपक्षीय बैठकों और विषयगत चर्चाओं के जरिए न्यायिक संस्थानों के बीच प्रत्यक्ष संपर्क बढ़ाने और साझा कानूनी अनुभवों के आदान-प्रदान पर जोर दिया जा रहा है.