भारत का सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 से नई दिल्ली में BRICS चीफ जस्टिस फोरम की मेजबानी कर रहा है. तीन दिन चलने वाले इस आयोजन में BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी शामिल होंगे.

फोरम का उद्देश्य न्यायिक संस्थानों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना है. सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, बैठकों में न्याय वितरण, अंतरराष्ट्रीय विवाद समाधान, तकनीक और सतत विकास से जुड़े समकालीन मुद्दों पर विचार किया जाएगा.

CJI सूर्या कांत की कई द्विपक्षीय बैठकें

आयोजन के पहले दिन भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्या कांत विभिन्न देशों के न्यायिक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. प्रस्तावित बैठकों में रूस, चीन, मिस्र, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, बेलारूस, कजाखस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ईरान और उज्बेकिस्तान के न्यायिक नेताओं के साथ संवाद शामिल है.

इन बैठकों में साझा न्यायिक हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी. सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि इससे भाग लेने वाली न्यायपालिका के बीच संस्थागत संपर्क और सहयोग को मजबूत करने में मदद मिलेगी.

चार प्रमुख विषयों पर सत्र

फोरम के दूसरे दिन सदस्य और साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख अपने विचार रखेंगे. कार्यक्रम में चार प्रमुख विषयों पर सत्र प्रस्तावित हैं.

पहला विषय मध्यस्थता और अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक विवादों से संबंधित है. इसमें वैश्विक अर्थव्यवस्था में वाणिज्यिक विवादों के समाधान के लिए mediation की भूमिका पर चर्चा होगी. दूसरा सत्र arbitral awards के सीमा-पार enforcement और प्रक्रियाओं में संभावित सामंजस्य पर केंद्रित रहेगा.

तीसरे सत्र में न्यायपालिका में artificial intelligence और डिजिटल innovation के इस्तेमाल पर विचार किया जाएगा. इसमें न्यायिक प्रशासन के भविष्य और तकनीकी बदलावों से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी. चौथा विषय न्यायिक नेतृत्व और सतत विकास है, जिसमें ecological governance और sustainable energy systems में न्यायपालिका की भूमिका पर विचार होगा.

BRICS देशों के साथ न्यायिक संवाद का मंच

फोरम में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के न्यायिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. साझेदार देशों में बेलारूस, बोलीविया, कजाखस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधि शामिल हैं.

सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, यह मंच उभरते कानूनी और संस्थागत मुद्दों पर साझा अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर देगा. आयोजन 6 सितंबर 2026 तक चलेगा.