नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के पहले दिन सदस्य देशों के नेताओं ने ‘नई दिल्ली घोषणा’ को सर्वसम्मति से मंजूरी दी. यह घोषणा 12 सितंबर 2026 को भारत की अध्यक्षता में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान अपनाई गई.
घोषणा में BRICS के साझा सिद्धांतों—पारस्परिक सम्मान, संप्रभु समानता, एकजुटता, समावेशिता और आम सहमति—को दोहराया गया. नेताओं ने वैश्विक शासन व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत, प्रतिनिधित्वपूर्ण, प्रभावी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
दस्तावेज में संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार का समर्थन किया गया है. इसमें विकासशील देशों की भूमिका बढ़ाने और वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूत करने की बात कही गई है. चीन और रूस ने संयुक्त राष्ट्र में भारत और ब्राजील की बड़ी भूमिका की आकांक्षा के प्रति समर्थन दोहराया.
घोषणा में पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चिंता जताई गई और तनाव बढ़ाने वाले कदमों से बचने तथा संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया. भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, घोषणा पर सहमति एक वर्ष तक चले विभिन्न स्तरों के संवाद और विचार-विमर्श के बाद बनी.
