दिल्ली में BRICS Summit 2026 की तैयारियों के तहत शनिवार, 5 सितंबर को वीवीआईपी मोटरकेड रिहर्सल होगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके मद्देनजर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रित करने और डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी है.
पुलिस के अनुसार, रिहर्सल के दौरान 22 डायवर्जन पॉइंट पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है, जबकि 35 से अधिक सड़कों पर यातायात नियमन की व्यवस्था की गई है. यात्रियों से यात्रा की योजना पहले बनाने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और संभव हो तो दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की गई है.
इन प्रमुख मार्गों पर असर की संभावना
ट्रैफिक एडवाइजरी में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और मथुरा रोड को शामिल किया गया है.
इसके अलावा मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड और लाला लाजपत राय मार्ग पर भी आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है.
22 पॉइंट पर डायवर्जन
पुलिस की सूची में डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, रामचरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल पर कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट जैसे स्थान शामिल हैं.
धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग राउंडअबाउट, मदरसा टी-पॉइंट, लोधी रोड के विभिन्न जंक्शन, लोधी फ्लाईओवर के नीचे, नीला गुम्बद, ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे और मथुरा रोड पर डीपीएस के सामने यू-टर्न भी प्रभावित पॉइंट में हैं.
इन स्थानों से वाहनों को रिंग रोड, लोधी रोड, बीएसजेड मार्ग, आईटीओ मार्ग, बाराखंभा रोड, सिकंदरा रोड और अरबिंदो मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्तों की ओर भेजा जा सकता है.
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनलों की ओर जाने वाले यात्रियों से अतिरिक्त यात्रा समय रखने को कहा है. वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रोक या धीमी आवाजाही हो सकती है.
आपातकालीन और जरूरी सेवा वाले वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता देने की व्यवस्था रहेगी. यात्रियों से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और नियंत्रित मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग से बचने को कहा गया है.
भारत मंडपम, प्रगति मैदान में BRICS Summit 2026 का आयोजन 11 से 13 सितंबर के बीच प्रस्तावित है. 5 सितंबर की रिहर्सल इसी आयोजन के दौरान विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और शीर्ष नेताओं की आवाजाही के लिए तैयारियों का हिस्सा है.
