दिल्ली में BRICS Summit 2026 की तैयारियों के तहत शनिवार, 5 सितंबर को मोटर कारकेड रिहर्सल आयोजित की जा रही है. इसके चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू रहेगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 22 डायवर्जन प्वाइंट पर यातायात का नियमन किया जाएगा और 35 से ज्यादा सड़कों पर असर पड़ सकता है.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और प्रभावित इलाकों में जाने के लिए मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. पुलिसकर्मियों के निर्देशों और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने को भी कहा गया है.
किन इलाकों और सड़कों पर असर
ट्रैफिक प्रतिबंधों का असर मुख्य रूप से सेंट्रल, साउथ और साउथ-वेस्ट दिल्ली के प्रमुख कॉरिडोर पर पड़ने की संभावना है. प्रभावित मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू रोड शामिल हैं.
इसके अलावा सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर भी यातायात नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है. भारत मंडपम और प्रगति मैदान की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि वे जरूरी न होने पर प्रभावित सड़कों से बचें. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों या अस्पतालों की ओर जाने वाले लोगों को अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है.
पुलिस के अनुसार, आपातकालीन और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा. हालांकि, आम वाहन चालकों को बैरिकेडिंग, अस्थायी रोक और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करना होगा.
मोटर कारकेड रिहर्सल BRICS Summit से पहले सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का हिस्सा है. शिखर सम्मेलन के दौरान विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के कारण दिल्ली के केंद्रीय और दक्षिणी हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव रहने की संभावना है.
