उत्तर-पश्चिम दिल्ली के बुराड़ी इलाके में यौन उत्पीड़न का विरोध करने वाली एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में प्रमोद सिंह को गिरफ्तार किया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 8 नवंबर को सूचना मिलने के बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय दुकानदारों ने महिला को सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा देखा था और पुलिस को इसकी जानकारी दी थी. महिला की बाद में मौत हो गई.

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. इसके आधार पर घटना 7 नवंबर की रात की बताई गई और आरोपी की पहचान कर शुक्रवार को उसे गिरफ्तार किया गया.

पुलिस का कहना है कि सिंह ने महिला को एक सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ अशोभनीय हरकत करने की कोशिश की. विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि महिला के विरोध से वह गुस्से में आ गया और उसने किसी वस्तु से उस पर कई बार हमला किया.

पुलिस अब हमले में इस्तेमाल वस्तु की पहचान और घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है. आरोपी से पूछताछ जारी है.