दिल्ली के बुराड़ी इलाके में खराब सड़क infrastructure को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने दिल्ली सरकार और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है. यह कार्रवाई इलाके के एक निवासी वकील की ओर से दायर आवेदन पर हुई है.
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इलाके की सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं. कुछ सड़कों पर ढीली बजरी और खुली लाल मिट्टी है, जबकि कई जगह खुले गड्ढे, अधूरी खुदाई और मरम्मत के बिना छोड़ी गई सतहें मौजूद हैं. आवेदन के मुताबिक, इन सड़कों से करीब दो लाख लोगों को आवागमन करना पड़ता है.
NGT की प्रधान पीठ ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है. आवेदक को सेवा-प्रमाण दाखिल करने के लिए कहा गया है और मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर 2026 को होगी.
दिल्ली सरकार ने फरवरी 2026 में खुदाई और सड़क मरम्मत से जुड़े कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे. यह निर्देश PWD, दिल्ली जल बोर्ड, MCD, NDMC और अन्य एजेंसियों के कार्यों पर लागू किए गए थे.
