कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने दिल्ली में व्यापारिक गतिविधियों में आई बाधा के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया है. संगठन ने कहा कि पिछले कुछ समय से राजधानी में लगातार राजनीतिक मार्च, विरोध-प्रदर्शन और रैलियों के कारण कारोबार प्रभावित हुआ है.

CAIT के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भरतिया ने 2 नवंबर को दिल्ली के उपराज्यपाल को भेजे ज्ञापन में प्रदर्शन स्थलों को राजधानी के बाहरी इलाकों में तय करने की मांग की. संगठन के मुताबिक, बार-बार होने वाले प्रदर्शनों से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हुआ है और रोजाना कमाने वाले हजारों लोगों की आजीविका भी प्रभावित हुई है.

यह मांग 1 नवंबर को रामलीला मैदान में हुई INDIA bloc की रैली के बाद उठाई गई. इससे पहले चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने भी रैली के दौरान मध्य दिल्ली और पुराने दिल्ली के बाजारों में कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई थी. संगठन ने दावा किया था कि त्योहारों के मौसम में करीब 20 प्रमुख बाजारों का व्यापार और माल ढुलाई प्रभावित हो सकती है.

CAIT ने कहा कि उसे विरोध-प्रदर्शन के अधिकार पर आपत्ति नहीं है, लेकिन ऐसे आयोजनों से शहर की सामान्य आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियां ठप नहीं होनी चाहिए.