कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने दिल्ली के बाहरी इलाकों में विरोध-प्रदर्शनों और रैलियों के लिए अलग-अलग निर्धारित स्थल बनाने की मांग की है. संगठन का कहना है कि इससे लोगों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा के साथ बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों को भी बाधित होने से बचाया जा सकेगा.
CAIT के मुताबिक, मध्य दिल्ली में लगातार हो रहे प्रदर्शनों से ग्राहकों की आवाजाही, यातायात, माल की डिलीवरी और रोजमर्रा के कारोबार पर असर पड़ रहा है. इस मांग के समर्थन में दिल्ली के कई व्यापारिक संगठनों ने ऑनलाइन याचिका शुरू की है.
संगठन ने 26 अक्टूबर को दिल्ली के व्यापारिक नेताओं की ऑनलाइन बैठक भी बुलाई थी. इसमें शहर के विभिन्न हिस्सों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ संभावित समाधान और आगे की संयुक्त रणनीति पर चर्चा प्रस्तावित थी.
यह मांग ऐसे समय उठी है जब जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाकर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और CBD ग्राउंड को वैकल्पिक स्थल के रूप में अधिसूचित किया गया है. कुछ व्यापारिक संगठनों ने रामलीला मैदान की बाजारों से निकटता पर भी चिंता जताई है.
