चंडीगढ़ में किराएदारों और मकान मालिकों के लिए नया कानूनी ढांचा लागू हो गया है. केंद्र सरकार ने 6 मई 2026 को अधिसूचना जारी कर असम किराएदारी अधिनियम, 2021 को संशोधनों के साथ केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में विस्तारित किया. यह व्यवस्था पुराने ईस्ट पंजाब अर्बन रेंट रेस्ट्रिक्शन एक्ट, 1949 की जगह लाई गई है.
नए नियमों के तहत किराएदारी के लिए लिखित रेंट एग्रीमेंट जरूरी होगा. इसमें किराया, अवधि, शर्तें और दोनों पक्षों की जिम्मेदारियां दर्ज की जानी होंगी. सुरक्षा राशि पर भी सीमा तय की गई है, जिससे किराएदारों पर मनमाना आर्थिक बोझ न पड़े.
कानून में किराएदारों को बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित करने पर रोक का प्रावधान है. वहीं, किराए की अवधि समाप्त होने के बाद परिसर खाली नहीं करने पर अतिरिक्त आर्थिक दायित्व और दंडात्मक प्रावधान लागू हो सकते हैं.
नए ढांचे का उद्देश्य किराएदारी संबंधों को औपचारिक बनाना और विवादों के निपटारे के लिए स्पष्ट प्रक्रिया उपलब्ध कराना है. अधिसूचना में चंडीगढ़ प्रशासन को स्थानीय प्राधिकरण और प्रशासक से जुड़े प्रावधानों के अनुरूप परिभाषित किया गया है.
