दिल्ली सरकार ने चांदनी चौक की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ क्षेत्र की मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार की प्रक्रिया तेज कर दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार, 20 नवंबर को दिल्ली सचिवालय में इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए.
बैठक में अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, अनधिकृत वाहनों और यातायात जाम पर कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीमें बनाने का फैसला लिया गया. इन टीमों के माध्यम से बाजार और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जाएगा.
सरकार ने चांदनी चौक को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया है. क्षेत्र में 24 घंटे सफाई व्यवस्था लागू करने, महिला शौचालयों की संख्या बढ़ाने और चार सार्वजनिक शौचालयों के नवीनीकरण की योजना है.
चांदनी चौक की 1.3 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क के रखरखाव को पांच हिस्सों में बांटने की योजना भी सामने आई है, ताकि सफाई, कचरा प्रबंधन, जलनिकासी और अन्य सेवाओं की जिम्मेदारी अधिक स्पष्ट हो सके.
