नई दिल्ली में चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण दोबारा होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एमसीडी और दिल्ली पुलिस को चेतावनी दी है कि लापरवाही या उदासीनता मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी.

मुख्यमंत्री ने 20 नवंबर को इंद्रप्रस्थ हेरिटेज रिडेवलपमेंट कॉरपोरेशन, एमसीडी, दिल्ली पुलिस और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी. बैठक में चांदनी चौक की ऐतिहासिक पहचान बनाए रखते हुए विकास कार्यों को तेज करने पर चर्चा हुई.

निर्देशों के बाद एमसीडी ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से पुल मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक और तीस हजारी समेत कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया. प्रशासन का कहना है कि सड़कों और फुटपाथों को कब्जामुक्त रखने से पैदल आवाजाही, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और सार्वजनिक सुरक्षा में सुधार होगा.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल अतिक्रमण हटाना पर्याप्त नहीं है. खाली कराए गए स्थानों पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को सतत निगरानी और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी.