दिल्ली के पुराने चावड़ी बाजार में गुरुवार, 5 नवंबर को तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. हादसा गली शीश महल, अजमेरी गेट के पास हुआ. प्रारंभिक जांच में इमारत के मालिक समीउल्लाह पर बिना मंजूरी दूसरी और तीसरी मंजिल पर नया निर्माण कराने का आरोप है.
MCD के अनुसार, 28 अप्रैल को मालिक को इमारत की स्थिति खराब होने की जानकारी देकर योग्य स्ट्रक्चरल इंजीनियर की निगरानी में ढांचे को मजबूत कराने और सुरक्षा प्रमाणपत्र जमा करने को कहा गया था. यह निर्देश पुनर्निर्माण की अनुमति नहीं था.
15 जून को दिल्ली पुलिस ने कथित अनधिकृत निर्माण की तस्वीरों के साथ MCD को सूचना दी. अधिकारियों ने मौके पर मरम्मत और रखरखाव का काम चलने की बात कही, लेकिन बाद की जांच में दूसरी और तीसरी मंजिल पर नए निर्माण की बात सामने आई.
MCD की रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरी मंजिल के लिंटल के नीचे लगाए गए अस्थायी सपोर्ट हटाए जाने के दौरान ढांचा ढह गया. निगम ने समीउल्लाह के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी है. पड़ोसी इमारतों की संरचनात्मक जांच के भी निर्देश दिए गए हैं.
