कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन की जानकारी पुलिस को दी है. संगठन को पुलिस की ओर से इसकी प्राप्ति का एक्नॉलेजमेंट मिला है, लेकिन प्रदर्शन की अनुमति पर अब तक फैसला नहीं हुआ है.

संसद मार्ग थाने के बाहर CJP के सौरव दास ने कहा कि यह केवल संगठन का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि इसे Gen-Z प्रोटेस्ट के तौर पर आयोजित किया जाएगा. उनके अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है.

प्रस्तावित प्रदर्शन ऐसे समय हो रहा है, जब नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. इसलिए 10 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर पुलिस के अगले निर्णय पर नजर है.

3 अक्टूबर के प्रदर्शन के बाद विवाद

3 अक्टूबर को हुए CJP प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर कथित यौन उत्पीड़न और बदसलूकी के आरोप लगाए थे. शिकायतें मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजा.

इस मामले में पत्रकारों और प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग थाने के बाहर धरना देकर FIR दर्ज करने की मांग की थी. पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया था. विवाद के बीच ACP विवेक भगत ने कथित शिकायतों की जांच पूरी होने तक एडिशनल DCP का करंट ड्यूटी चार्ज नहीं लेने की इच्छा जताई थी. इसके बाद दिल्ली सरकार ने संबंधित आदेश में बदलाव किया.

CJP के पिछले प्रदर्शनों में भी पुलिस से टकराव हुआ है. जुलाई में संगठन के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान बैरिकेड तोड़े जाने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया था. उस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की बात सामने आई थी. दिल्ली पुलिस ने कई FIR दर्ज की थीं. बाद में सुप्रीम कोर्ट में पुलिस ने कहा था कि वह जुलाई के प्रदर्शनों से जुड़ी 13 FIR पर आगे कार्रवाई नहीं करना चाहती.