कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर दावा सामने आया है. CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि सरकार उन्हें, पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है. हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई ठोस जानकारी या दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया है.
यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग में सुधारों की मांग को लेकर बुलाया गया है. पार्टी ने मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर भी आपत्तियां उठाई हैं.
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली के आसपास सुरक्षा बढ़ाई है. पुलिस अधिकारियों के निर्देशों में प्रदर्शनकारियों की संभावित आवाजाही पर नजर रखना, नई दिल्ली जिले की ओर आने वाली बसों की जांच करना और प्रदर्शन के लिए भीड़ जुटने से रोकने के उपाय शामिल हैं.
सौरव दास ने 7 अक्टूबर को संसद मार्ग थाने में प्रदर्शन की औपचारिक सूचना देने की बात कही थी. पुलिस ने किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
