नई दिल्ली में 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच करेगी. पुलिस ने इस मामले में 2,874 लोगों के खिलाफ नई FIR दर्ज की है. इनमें 2,873 लोगों की पहचान प्रदर्शन स्थल और आसपास लगाए गए फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) कैमरों से किए जाने की बात सामने आई है.

जांच में यह देखा जाएगा कि प्रदर्शन के दौरान पथराव, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं कैसे हुईं. इसके अलावा हिंसा पहले से सुनियोजित थी या नहीं, भीड़ को संसद की ओर ले जाने में किन लोगों की भूमिका थी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए किस स्तर पर तैयारी की गई थी—इन पहलुओं की भी पड़ताल होगी.

दिल्ली पुलिस ने 20 से 26 जुलाई के बीच जंतर-मंतर के आसपास FRS कैमरों से लैस दो वाहनों का इस्तेमाल किया था. पुलिस के अनुसार, पहचाने गए लोगों में 2,402 के आपराधिक रिकॉर्ड और 471 के डोजियर संबंधी विवरण उपलब्ध हैं.

यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट में हुई कार्यवाही के बाद सामने आई है. इससे पहले पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़े 13 पुराने मामलों को आगे न बढ़ाने और नई FIR दर्ज करने की अनुमति मांगी थी.