केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 14वें दलाई लामा के निजी कार्यालय गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को नई दिल्ली के लुटियंस इलाके में सरकारी बंगला आवंटित किया है. यह आवास पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर स्थित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आवंटन विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर किया गया है.

यह बंगला टाइप-7 श्रेणी का बताया गया है और संसद भवन से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर है. सरकारी आवास सामान्य तौर पर तीन वर्ष के लिए आवंटित किए जाते हैं और नियमों के तहत अवधि बढ़ाई जा सकती है. हालांकि, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने इस विशेष आवंटन को लेकर अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

तिब्बती संसद ने जताया आभार

तिब्बती संसद-इन-एक्साइल ने आवंटन के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है. संसद की अध्यक्ष डोलमा त्सेरिंग के अनुसार, यह दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत के समर्थन का संकेत है. उनके मुताबिक, दिल्ली में दलाई लामा की यात्राओं और ठहरने के दौरान इससे सुविधाएं बेहतर हो सकती हैं.

गादेन फोद्रंग ट्रस्ट दलाई लामा का निजी कार्यालय है. यह उनके आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों में सहयोग करता है. ट्रस्ट मानवीय मूल्यों, धार्मिक सद्भाव, तिब्बती संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और प्राचीन भारतीय ज्ञान के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यों का समर्थन करता है.

14वें दलाई लामा को तेनजिन ग्यात्सो भी कहा जाता है. उन्हें 22 फरवरी 1940 को 14वां दलाई लामा घोषित किया गया था.