दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने आवास निवेश योजना-2026 के तहत नरेला में 1,487 अतिरिक्त लोअर इनकम ग्रुप (LIG) फ्लैट उपलब्ध कराने की घोषणा की है. इन फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग 30 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी. आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा.
DDA के आधिकारिक विवरण के अनुसार, ये फ्लैट नरेला के सेक्टर G-2 से G-6 स्थित पॉकेट-V में हैं. प्रत्येक फ्लैट का अनुमानित प्लिंथ एरिया करीब 49.90 वर्ग मीटर है, जिसमें बालकनी और साझा क्षेत्र शामिल हैं.
25 प्रतिशत छूट के बाद फ्लैट की अनुमानित कीमत ₹15,01,049 रखी गई है. हालांकि, अंतिम कीमत संबंधित फ्लैट के वास्तविक क्षेत्रफल के आधार पर बदल सकती है. DDA ने यह भी स्पष्ट किया है कि रखरखाव शुल्क, पानी का कनेक्शन, लागू कन्वर्जन शुल्क और GST इस अनुमानित कीमत में शामिल नहीं हैं.
बुकिंग के समय ₹1 लाख जमा करना होगा. योजना के पोर्टल पर पहले से पंजीकृत आवेदकों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी. नए आवेदकों को DDA के आवास पोर्टल पर योजना की पात्रता और अन्य शर्तों के अनुसार आवेदन करना होगा.
