दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन बसों को हरी झंडी दिखाई. नई बसों में 50 नौ मीटर और 50 बारह मीटर लंबी बसें हैं. इनके शामिल होने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक बस बेड़े की संख्या करीब 7,088 हो गई है, जिसमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं.

नई बसें लो-फ्लोर और वातानुकूलित हैं. इनमें CCTV कैमरे, पैनिक बटन और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं. सरकार का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की संख्या करीब 14,000 तक बढ़ाना है.

आनंद विहार-हापुड़ के बीच अंतरराज्यीय सेवा

दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए आनंद विहार ISBT से हापुड़ बस स्टेशन के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी. सेवा 20 मिनट के अंतराल पर संचालित होगी. आनंद विहार से पहली बस सुबह 5:15 बजे और अंतिम बस दोपहर 3:35 बजे रवाना होगी. हापुड़ से पहली बस सुबह 8:05 बजे और अंतिम बस शाम 6:25 बजे चलेगी.

रूट पर गाजियाबाद, मोहन नगर, नया बस अड्डा, डासना, मसूरी, पिलखुवा और निजामपुर समेत कई प्रमुख पड़ाव शामिल हैं.