दिल्ली में यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की तैयारी है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 100 या उससे अधिक लंबित चालान वाले 1,421 वाहनों की पहचान की है. इन वाहनों की सूची परिवहन आयुक्त को भेजी गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवहन विभाग ने संबंधित वाहनों के पंजीकृत मालिकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों और उनके चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम तथा संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
पहचाने गए वाहनों में 723 व्यावसायिक वाहन शामिल हैं. पुलिस ने दिल्ली के पूर्वी, मध्य और उत्तरी रेंज में ऐसे वाहनों की पहचान शुरू की है.
ट्रैफिक प्रहरी ऐप के इस्तेमाल पर जोर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को ‘ट्रैफिक प्रहरी’ ऐप के जरिए गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट पार करने, खतरनाक ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और गलत पार्किंग की शिकायत करने के लिए भी जागरूक किया है.
