नई दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में 150 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं. इसके साथ दिल्ली का शून्य-उत्सर्जन इलेक्ट्रिक बस बेड़ा बढ़कर 5,238 हो गया है. बसों को मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को स्वामी विवेकानंद ISBT, आनंद विहार से रवाना किया गया.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के चार डिपो में हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किए गए. ये स्टेशन नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशवपुर में स्थापित किए गए हैं.
नई बसों को शामिल किए जाने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक बस बेड़े में कुल 6,988 बसें हो गई हैं. इनमें 5,238 इलेक्ट्रिक और 1,750 CNG बसें शामिल हैं.
कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र यादव ने आनंद विहार को प्रदूषण के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र बताया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की ओर से सुझाए गए 11 कार्रवाई बिंदुओं को लागू किया गया है.
DTC के कुल बस बेड़े को वित्त वर्ष 2028-29 तक लगभग 14,000 तक बढ़ाने का लक्ष्य बताया गया है.
