नई दिल्ली में 1,500 से अधिक स्पा और वेलनेस सेंटर संचालित होने का अनुमान है, लेकिन नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक इनमें सिर्फ 237 केंद्रों के पास वैध लाइसेंस हैं. यह अनुमानित कुल संख्या का 16 प्रतिशत से भी कम है. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी.

यह आंकड़ा ऐसे समय सामने आया है जब दिल्ली पुलिस स्पा सेंटरों पर लगातार छापेमारी कर रही है. केंद्रीय दिल्ली में हालिया कार्रवाई के दौरान 19 महिलाओं को बचाया गया और 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया. कुछ मामलों में मानव तस्करी और अन्य कथित अवैध गतिविधियों की जांच चल रही है.

एमसीडी के 10 जोन में दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में सबसे ज्यादा 46 वैध लाइसेंस दर्ज हैं. इसके बाद दक्षिण दिल्ली में 44, केशवपुरम में 38, करोल बाग में 33 और पश्चिमी दिल्ली में 32 लाइसेंस हैं. नजफगढ़ में 19, शाहदरा दक्षिण में 15, रोहिणी में छह, सिविल लाइंस में तीन और सिटी एसपी जोन में एक लाइसेंस दर्ज है. इन लाइसेंसों की वैधता कम से कम 31 मार्च 2027 तक बताई गई है.

लाइसेंस रिकॉर्ड में भी स्पष्टता नहीं

2023 से 2026 के बीच एमसीडी रिकॉर्ड में स्पा और वेलनेस सेंटरों से जुड़े 645 लाइसेंस प्रविष्टियां दर्ज हैं. इनमें 517 की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी है, जबकि 128 प्रविष्टियों में समाप्ति तिथि दर्ज नहीं है. रिकॉर्ड यह स्पष्ट नहीं करता कि ये नए लाइसेंस हैं या पुराने लाइसेंसों का नवीनीकरण.

अधिकारियों के अनुसार एक साल के लाइसेंस की फीस 57,250 रुपये है. एमसीडी का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में स्पा सेंटरों को लाइसेंस नहीं दिया जाता. मिश्रित उपयोग वाली सड़कों पर भी ऐसे केंद्रों को अनुमति न देने का प्रस्ताव रखा गया है.