नई दिल्ली: दिल्ली में पीक ऑवर्स के दौरान लगने वाले जाम और सड़क हादसों की वजहों को समझने के लिए 1,796 सड़कों का डिजिटल सिमुलेशन मॉडल तैयार किया जाएगा. यह परियोजना लोक निर्माण विभाग (PWD) और ट्रैफिक पुलिस मिलकर लागू करेंगे.
इस अध्ययन पर 11.17 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके तहत मुख्य सड़कों पर वाहनों की संख्या, अलग-अलग दिशाओं में टर्निंग मूवमेंट, पीक ऑवर में वाहनों की गति और पैदल यात्रियों की आवाजाही का डेटा जुटाया जाएगा.
तीन जोन की सड़कों का होगा अध्ययन
अध्ययन में शामिल सड़कों की कुल लंबाई 2,205.68 किलोमीटर है. साउथ जोन की 270 सड़कें 426.28 किलोमीटर, नॉर्थ जोन की 1,137 सड़कें 1,374.76 किलोमीटर और ईस्ट जोन की 389 सड़कें 404.64 किलोमीटर लंबी हैं.
जुटाए गए डेटा को विशेष सॉफ्टवेयर में डालकर हर सड़क और उसके अलग-अलग हिस्से का वर्चुअल मॉडल बनाया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, इससे उन हिस्सों की पहचान में मदद मिलेगी जहां जाम या हादसों का जोखिम अधिक है. इसके आधार पर ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों की योजना बनाई जा सकेगी.
