दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के बीच तैनात करीब 20,000 अर्धसैनिक जवानों की तैनाती कम से कम एक महीने तक जारी रखने का फैसला लिया गया है. अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह निर्णय राजधानी में मौजूदा सुरक्षा स्थिति और आने वाले त्योहारी सीजन को ध्यान में रखकर लिया गया है.

त्योहारी दिनों में बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है. ऐसे में दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी.

राजधानी में प्रदर्शन के लिए तीन नए निर्धारित स्थल—रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD मैदान—तय किए गए हैं. वहीं, मध्य दिल्ली के उच्च सुरक्षा क्षेत्र में स्थित जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है. नए स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट भी पूरा किया गया है.

दिल्ली पुलिस ने सीमाओं पर वाहन जांच और होटलों, गेस्ट हाउस, लॉज तथा धर्मशालाओं में सत्यापन अभियान तेज किया है. नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटकर वरिष्ठ अधिकारी हालात की निगरानी कर रहे हैं.

सुरक्षा बढ़ाने का फैसला ऐसे समय हुआ है जब INDIA bloc और अन्य समूहों के प्रदर्शन जारी हैं. विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है.