दिल्ली सरकार ने राजधानी में 23 खुदरा शराब दुकानों को बंद कर दिया है. इसके अलावा 52 अन्य दुकानों को बंद करने के लिए चिह्नित किया गया है. इस तरह सार्वजनिक असुविधा और नियमों से जुड़े कारणों के चलते कुल 75 दुकानें कार्रवाई के दायरे में हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पांच दुकानों के खिलाफ सार्वजनिक अव्यवस्था और स्थानीय लोगों की शिकायतें मिली थीं. चार दुकानों को स्कूलों या धार्मिक स्थलों के नजदीक होने के कारण चिह्नित किया गया, जबकि करीब 10 दुकानों पर आसपास कई शराब ठेके होने यानी क्लस्टरिंग का मामला बताया गया है.

दिल्ली आबकारी नियम, 2010 के तहत शराब की दुकान स्कूल, कॉलेज, मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान, धार्मिक स्थल या 50 या उससे अधिक बिस्तरों वाले अस्पताल से 100 मीटर के भीतर नहीं हो सकती. हालांकि, यह पाबंदी उस स्थिति में लागू नहीं होती, जब संबंधित संस्थान दुकान शुरू होने के बाद स्थापित हुआ हो.

दिल्ली में करीब 700 खुदरा शराब दुकानें चार सरकारी निगमों के माध्यम से संचालित होती हैं. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 23 दुकानों के बंद होने से शराब की उपलब्धता प्रभावित नहीं होगी. आबकारी विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 7,200 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य रखा है.