दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के 45 झुग्गी-झोपड़ी यानी JJ क्लस्टरों के इन-सिटू पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन क्लस्टरों में 21,229 परिवार रहते हैं और इनके पुनर्विकास से एक लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की संभावना है.
ये क्लस्टर करीब 135.74 एकड़ क्षेत्र में फैले हैं और इन्हें 15 परियोजनाओं में बांटा गया है. DDA ने इन परियोजनाओं के लिए तीन ट्रांजैक्शन एडवाइजर नियुक्त करने को प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं. इन सलाहकारों का चयन Department of Economic Affairs या National Land Monetisation Corporation से संबद्ध पैनल में शामिल कंपनियों में से किया जाएगा.
सलाहकार प्रत्येक स्थल पर पुनर्वास की जरूरत, बुनियादी ढांचे की मांग, भूमि की विकास क्षमता, वित्तीय व्यवहार्यता और परियोजना लागू करने के उपयुक्त मॉडल का आकलन करेंगे. इन रिपोर्टों के आधार पर परियोजनाओं की तकनीकी और वित्तीय संरचना तय की जाएगी.
इन-सिटू पुनर्वास का मतलब पात्र परिवारों को मौजूदा बस्ती या उसके आसपास ही आवास उपलब्ध कराना है. हालांकि, DDA की इस पहल के तहत अभी निर्माण शुरू नहीं हुआ है. यह प्रक्रिया दिल्ली मास्टर प्लान-2047 के व्यापक पुनर्वास कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें 650 से अधिक JJ क्लस्टरों में रहने वाले करीब 17 लाख लोगों को शामिल करने की योजना है.
