दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रह गए करीब 47.6 लाख मतदाताओं को गणना प्रपत्र दोबारा जमा करने का अवसर दिया गया है. इससे उन इलाकों के मतदाताओं को खास राहत मिलने की उम्मीद है, जहां किरायेदारों और प्रवासी आबादी की संख्या अधिक है.

यह सुविधा उन लोगों के लिए है, जिन्हें 30 जून से 17 अगस्त 2026 के बीच गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन उनके नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हो सके. ऐसे मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि यानी ASDD श्रेणी में रखा गया था.

जो मतदाता उसी पते पर रह रहे हैं, वे गणना प्रपत्र के साथ Annexure-B जमा कर सकते हैं और पहले आवेदन न कर पाने का कारण बता सकते हैं. दिल्ली के भीतर पता बदलने वालों को Annexure-C के साथ नए पते और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी देनी होगी. उनके लिए Form 8 भरना जरूरी नहीं होगा.

जिन लोगों ने पहले ही Form 6 जमा कर दिया है, उन्हें गणना प्रपत्र दोबारा देने की जरूरत नहीं है. बेघर मतदाताओं के लिए बूथ लेवल अधिकारी की क्षेत्रीय जांच को निवास प्रमाण माना जाएगा. दावे और आपत्तियां 25 नवंबर तक लिए जाएंगे, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होने का कार्यक्रम है.