दिल्ली सरकार ने 48 गांवों को शहरी क्षेत्र में शामिल करने की मंजूरी दी है. इसके साथ दिल्ली के सभी 357 गांव शहरीकरण की प्रक्रिया में आ जाएंगे. इनमें से 309 गांव पहले ही शहरी घोषित किए जा चुके हैं.

यह फैसला दिल्ली नगर निगम अधिनियम, 1957 की धारा 507(a) के तहत लिया गया है. सूची में बकोली, हमीदपुर, पल्ला, सिंघोला, मुंगेशपुर, औचंदी, शाहपुर गढ़ी, फतेहपुर बेरी, चंदनहोला, घुमनहेड़ा, बिजवासन, ढांसा, इस्सापुर, कैर और मुंडेला कलां समेत कई गांव शामिल हैं.

सरकार के अनुसार, शहरी दर्जा मिलने से इन क्षेत्रों में सड़क, जलापूर्ति, सीवर, जल निकासी, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं की जरूरतों का आकलन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा. यह प्रक्रिया दिल्ली के Draft Master Plan 2041 के अनुरूप भूमि उपयोग और विकास की संभावनाओं की समीक्षा में भी मदद करेगी.

हालांकि, शहरी दर्जा मिलना तत्काल निर्माण या विकास की गारंटी नहीं है. भूमि उपयोग में बदलाव, निर्माण और बुनियादी ढांचा परियोजनाएं संबंधित नियमों, स्वीकृत योजनाओं और जरूरी अनुमतियों के अधीन रहेंगी.