नई दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच दिल्ली सरकार के दो मंत्रियों ने अपने अधीन विभागों के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया है. यह व्यवस्था सचिवालय में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू होगी.
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को यह निर्देश जारी किए. अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य कार्यालय आने-जाने वाले वाहनों की संख्या घटाना और उनसे होने वाले प्रदूषण को कम करना है.
शुक्रवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 403 तक पहुंच गया था, जो गंभीर श्रेणी में आता है. बाद में शाम चार बजे AQI में मामूली सुधार हुआ और यह 373 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी है.
सरकारी स्पष्टीकरण के अनुसार, यह निर्देश अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा. अस्पतालों समेत जरूरी सेवाओं को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है, ताकि स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं का संचालन प्रभावित न हो.
CAQM के 30 अक्टूबर के आदेश के तहत दिल्ली और आसपास के पांच NCR जिलों में 5 से 20 नवंबर तक सरकारी और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत भौतिक उपस्थिति की व्यवस्था की गई है.
