दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा. दिल्ली सरकार 180 स्थानों पर कुल 540 EV चार्जर लगाने की योजना पर काम कर रही है. परियोजना की अनुमानित लागत करीब ₹62 करोड़ है और इसे केंद्र की PM E-DRIVE योजना के तहत लागू किया जाएगा.
दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड ने चार्जर लगाने और उन्हें संचालित करने के लिए ऑपरेटर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मंत्रालय द्वारा स्वीकृत व्यवस्था के तहत हर स्थान पर 12 किलोवाट का चार्जर इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए, 60 किलोवाट का चार्जर इलेक्ट्रिक कारों और N1 श्रेणी के मालवाहक वाहनों के लिए तथा 120 किलोवाट का फास्ट चार्जर लगाया जाएगा. प्रत्येक चार्जर में दो चार्जिंग गन होंगी.
180 स्थानों को 90-90 साइट के दो पैकेज में बांटा गया है. पहला पैकेज मुख्य रूप से उत्तर और पश्चिमी दिल्ली, जबकि दूसरा दक्षिणी, पूर्वी और नई दिल्ली के इलाकों को कवर करेगा. मध्य दिल्ली में इंद्रलोक, प्रताप नगर, शाही ईदगाह, कमला मार्केट, LNJP अस्पताल क्षेत्र और राजघाट के आसपास साइटें चिन्हित की गई हैं.
दिल्ली EV Policy 2026 के तहत 1 जनवरी 2027 से नए इलेक्ट्रिक तिपहिया और N1 मालवाहक वाहनों के पंजीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी. दोपहिया वाहनों के लिए इसी तरह की व्यवस्था 1 अप्रैल 2028 से लागू होगी.
