दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम और बाहरी उत्तर जिलों के नौ गांवों में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है. दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (DSIIDC) इन गांवों की करीब 13.26 एकड़ ग्राम सभा भूमि का स्थलाकृतिक सर्वे कराएगा.

सर्वे के दायरे में दक्षिण-पश्चिम जिले के बदूसराय, गालिबपुर, झटिकरा, राघोपुर, रावता और धांसा गांव शामिल हैं. बाहरी उत्तर जिले के औचंदी, निजामपुर रसूलपुर और ताजपुर कलां में भी जमीन की पैमाइश होगी. दक्षिण-पश्चिम जिले में करीब 9.24 एकड़ और बाहरी उत्तर जिले में लगभग 4.02 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है.

वेयरहाउस और फैक्ट्री परिसर का प्रस्ताव

निविदा दस्तावेजों के अनुसार, सर्वे के बाद इन भूखंडों का इस्तेमाल वेयरहाउस, फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर और पौधारोपण के लिए किया जा सकता है. फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर में एक ही इमारत की अलग-अलग मंजिलों पर कई औद्योगिक इकाइयों को जगह दी जा सकती है.

सर्वे की अनुमानित लागत 2,24,932 रुपये रखी गई है. इसमें जमीन की सीमा, क्षेत्रफल, सड़क, भवन, शेड, पेड़, बिजली के खंभे, नालियां और ऊंचाई-नीचाई का विवरण दर्ज किया जाएगा. फिलहाल परियोजना सर्वे और प्रशासनिक प्रक्रिया के चरण में है; निर्माण कार्य आगे की मंजूरियों के बाद बढ़ेगा.