दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ को गृह मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई सोमवार, 2 नवंबर 2026 को पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन के अगले दिन की गई. मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित है, हालांकि निलंबन के विस्तृत आधार का उल्लेख नहीं किया गया है.
वशिष्ठ 2019 बैच के DANIPS अधिकारी हैं और गांधी नगर सब-डिविजन में ACP के पद पर तैनात थे. 23 अक्टूबर को शाहदरा थाने में वकीलों और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई झड़प के बाद उनका और शाहदरा थाने के SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला Special Police Unit for Women and Children में कर दिया गया था.
तबादले के विरोध में सोमवार को पहले करीब 100 पुलिसकर्मी पुलिस मुख्यालय के बाहर पहुंचे. बाद में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में करीब 500 कर्मी शामिल हुए. पुलिसकर्मियों ने दोनों अधिकारियों की पुरानी तैनाती बहाल करने और पुलिस की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की.
निलंबन अवधि में वशिष्ठ का मुख्यालय दिल्ली रहेगा और वे सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे. उन्हें नियमों के तहत निर्वाह भत्ता मिलेगा.
