दिल्ली सरकार ने ACP विवेक भगत को अतिरिक्त DCP का करेंट ड्यूटी चार्ज (CDC) देने पर रोक लगा दी है. भगत पर 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार से कथित बदसलूकी और यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. मामले से जुड़ी शिकायतें जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजी गई हैं.
सरकार के मुताबिक, विवेक भगत ने जांच पूरी होने तक अतिरिक्त DCP की यह जिम्मेदारी नहीं लेने का अनुरोध किया है. इसके बाद पहले जारी आदेश में बदलाव करने का फैसला लिया गया. जांच पूरी होने तक भगत CDC नहीं संभालेंगे, जबकि बाकी 11 अधिकारियों के लिए चार्ज का आदेश दोबारा जारी किया जाएगा.
25 अगस्त से शुरू हुई थी प्रक्रिया
दिल्ली सरकार ने बताया कि 12 DANIPS अधिकारियों को अतिरिक्त DCP का CDC देने की प्रक्रिया 25 अगस्त को शुरू हुई थी. यह प्रक्रिया 3 अक्टूबर के प्रदर्शन और उससे जुड़े आरोपों से पहले शुरू की गई थी. 5 अक्टूबर को मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों से संबंधित आदेश जारी किया गया था.
सरकार ने स्पष्ट किया कि CDC नियमित पदोन्नति नहीं है. यह एक अस्थायी प्रशासनिक व्यवस्था है और इससे अधिकारी को कोई अतिरिक्त आर्थिक लाभ नहीं मिलता. CDC पाने वाला अधिकारी नियमित पद पर तैनात अफसर के वैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल भी नहीं कर सकता.
इस व्यवस्था से वेतन, वरिष्ठता और अन्य नियमित सेवा लाभों में भी बदलाव नहीं होता.
3 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर कथित यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. भगत पर भी एक पत्रकार ने कथित तौर पर बदसलूकी का आरोप लगाया है. आरोपों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
