केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली पुलिस के Intelligent Traffic Management System (ITMS) प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. इस योजना पर अनुमानित ₹1,789.52 करोड़ खर्च होंगे. सिस्टम का उद्देश्य रियल-टाइम जानकारी के आधार पर ट्रैफिक प्रवाह सुधारना, जाम घटाना और सड़क सुरक्षा मजबूत करना है.

प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली के 42 प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर को शामिल किया जाएगा. इन मार्गों पर ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार सिग्नल टाइमिंग बदलने वाली Adaptive Traffic Control व्यवस्था विकसित की जाएगी. सिस्टम जाम, धीमी रफ्तार और सड़क पर हुई घटनाओं का पता लगाकर ट्रैफिक प्रबंधन में मदद करेगा.

ITMS में ट्रैफिक नियमों के स्वचालित प्रवर्तन की सुविधा भी होगी. रेड लाइट, स्टॉप लाइन, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, हेलमेट या सीट बेल्ट के उल्लंघन और अवैध पार्किंग जैसी घटनाओं की पहचान की जा सकेगी.

एंबुलेंस और अन्य आपात वाहनों को प्राथमिकता देने, लाइव ट्रैफिक व पार्किंग जानकारी उपलब्ध कराने और इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर के जरिए निगरानी का भी प्रावधान है. परियोजना तीन चरणों में 24 महीने में लागू होगी, जिसके बाद पांच साल तक संचालन और रखरखाव किया जाएगा.