नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में बर्न्स और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किया जाएगा. इसके लिए AIIMS के Plastic, Reconstructive and Burns Surgery विभाग ने Rotary International District 3011 के साथ साझेदारी की है.
इस पहल का उद्देश्य जलने और एसिड अटैक से प्रभावित मरीजों, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों को विशेष उपचार और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराना है. इसमें शारीरिक चोटों के इलाज के साथ मरीजों की कार्यक्षमता और सामाजिक पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जाएगा.
प्रस्तावित सहयोग के तहत ऑपरेशन के बाद की देखभाल, काउंसलिंग, कार्यात्मक एवं सामाजिक पुनर्वास और एसिड अटैक सर्वाइवर्स के लिए आजीविका सहायता की संभावनाओं पर काम किया जाएगा.
साझेदारी में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए कार्यशालाएं, विशेष प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी है. इसके अलावा विशेषज्ञों के बीच संवाद, शोध और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा. विभाग की प्राथमिकताओं और सहमति वाले प्रोजेक्ट्स के आधार पर आधुनिक चिकित्सा उपकरण, बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण संसाधनों के लिए सहयोग तलाशने की बात कही गई है.
