नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित Air Force Sports Complex को 28 अक्टूबर से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. परिसर में गोल्फ कोर्स के अलावा स्विमिंग पूल, अन्य खेल सुविधाएं और खाने-पीने की जगहें भी हैं. इसकी जमीन को वापस लेने के लिए भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) पहले ही नोटिस जारी कर चुका था.
इस फैसले का असर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के विदाई कार्यक्रम पर भी पड़ा. 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले एयर चीफ के लिए यहां ‘गोल्फिंग आउट’ कार्यक्रम प्रस्तावित था. परंपरा के अनुसार वायुसेना प्रमुख इस सुविधा के संरक्षक प्रमुख होते हैं.
जमीन पर किसका अधिकार
यह परिसर लोक कल्याण मार्ग के आसपास की उन संपत्तियों में शामिल है, जिन्हें सरकार इस साल वापस लेने की प्रक्रिया में है. उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, परिसर करीब 30 एकड़ उस जमीन पर है जिसे पहले शहरी विकास मंत्रालय की भूमि बताया गया था. 2014 में रक्षा संपदा अधिकारी ने सूचना आयोग को बताया था कि रेस कोर्स क्षेत्र में वायुसेना 126.948 एकड़ शहरी विकास मंत्रालय की जमीन पर काबिज है, जबकि 100 एकड़ में से 52.80 एकड़ ही औपचारिक रूप से रक्षा मंत्रालय को हस्तांतरित हुई थी.
दिल्ली रेस क्लब और जयपुर पोलो ग्राउंड की जमीन पहले ही सरकार के कब्जे में ली जा चुकी है, जबकि दिल्ली जिमखाना क्लब की लीज समाप्त की गई है. सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन जमीनों का अंतिम उपयोग क्या होगा. L&DO ने क्षेत्र को संवेदनशील और रणनीतिक बताते हुए संस्थागत जरूरतों, प्रशासनिक ढांचे और जनहित परियोजनाओं का हवाला दिया है.
इतिहास में कई बदलाव
इस बड़े भूखंड का इतिहास करीब एक सदी पुराना है. 1926 में ब्रिटिश सरकार ने जमीन दिल्ली रेस क्लब को लीज पर दी थी. पास के हवाई क्षेत्र को पहले विलिंगडन और बाद में सफदरजंग नाम दिया गया. 1941 में वहां Royal Air Force ने एयर लैंडिंग स्कूल शुरू किया था. स्वतंत्रता के बाद 1 सितंबर 1947 को रेस कोर्स में Air Force Station New Delhi बनाया गया.
