दिल्ली के कई इलाकों में वायु प्रदूषण 5 नवंबर 2026 को ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सात निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ऊपर दर्ज हुआ. पंजाबी बाग में AQI 446 रहा, जबकि नरेला में 434, रोहिणी में 431 और आर.के. पुरम में 416 दर्ज किया गया.
बवाना का AQI 412, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस का 408 और पटपड़गंज का 405 रहा. दिल्ली का समग्र AQI अलग-अलग समय पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना रहा, हालांकि कई स्थानीय केंद्रों पर स्थिति ‘गंभीर’ रही.
अगले दो दिन प्रदूषण बढ़ने का अनुमान
दिल्ली के Air Quality Early Warning System के अनुसार, 5 नवंबर को हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रह सकती है और 6-7 नवंबर के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने की संभावना है. विशेषज्ञों के अनुसार, कम हवा की गति और मौसम की स्थिर परिस्थितियां प्रदूषकों के जमाव को बढ़ा सकती हैं.
बढ़ते AQI के बीच फेफड़ों और हृदय संबंधी रोगियों, बुजुर्गों तथा बच्चों को खुले में लंबे समय तक रहने से बचने की सलाह दी गई है.
